हादसों में एक ही परिवार के चार लोगों समेत सात की मौत
परतापुर स्थित बिग बाइट होटल के पास बुधवार रात हुआ हादसा
मेरठ/परतापुर। एनएच-58 पर बिग बाइट होटल के सामने बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यू-टर्न लेते ट्रक में पीछे से वैगनआर कार टकरा गई। गाड़ी में बैठी इंजीनियर की तीन साल की मासूम बच्ची, पत्नी, मां और भांजी की मौके पर मौत हो गई। वहीं खरखौदा में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दोस्तों की मौत हो गई। उधर, मेरठ बागपत मार्ग पर टिमकिया में ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से गांव के श्योबीर सिंह (55) की मौत हो गई।
नोएडा सेक्टर -77 बी प्रतीक विरासत कॉलोनी निवासी इंजीनियर विनय जैन बुधवार देर रात अपनी वैगनआर कार से मुजफ्फरनगर से नोएडा लौट रहे थे। परतापुर बाईपास स्थित बिग बाइट होटल के सामने पहुंचे तो दिल्ली की ओर से आ रहा ट्रक यू-टर्न ले रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान ट्रक में वैगनआर गाड़ी पीछे से घुस गई। कार इंजीनियर विनय जैन चला रहे थे। कार में बैठीं उनकी मां सुषमा (55) पत्नी सुभाष चंद, पत्नी निधि (30), भांजी साध्वी (25) पुत्री रजनीश निवासी गोविंदपुरी कालका दिल्ली और आराध्या (3) की मौके पर मौत हो गई। हादसे में कार के परखचे उड़ गए। चालक ट्रक लेकर भाग गया। इंजीनियर की हालत अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।
वहीं मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग 334 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों दीपक (25) और कपिल (27) की मौत हो गई। दोनों खरखौदा के गांव बवनपुरा के निवासी थे।