मेरठ। प्रयागराज स्थित महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सात विभाग के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। दुर्घटना और आपदा सहित बचाव संबंधित गाइडलाइन जारी कर दी गई हैं। एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी का कहना है कि इस बारे में सीएमओ कार्यालय, रेलवे स्टेशन, एसडीएम कार्यालय, परिवहन निगम, सोहराब गेट डिपो, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को पत्र भेजा है।
एडीएम वित्त ने बताया कि महाकुंभ मेला अवधि में आयोजन को दुर्घटना मुक्त बनाने, प्रभावी आपदा प्रबंधन और यात्रियों के स्वास्थ्य एवं यात्रा की एडवाइजरी के बारे में जागरूक करने के लिए कहा गया है। गाइडलाइंस के अनुसार महाकुंभ में जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं को अकेले स्नान ना करने दें। सिर दर्द, चक्कर आना, घबराहट, दिल की धड़कन तेज होना, उल्टी आना, हाथ-पांव व होठों का नीला पड़ना, थकान होना, सांस फूलना, खांसी होना सहित अन्य लक्षण दिखने पर मेले में निकट के स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल संपर्क करें।