हादसे के समय पलटी कार और माैजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सरधना रोड स्थित बटजेवरा गांव के सामने कांवड़ शिविर के सेवादार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। सेवादार की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने करनाल हाईवे जाम करते हुए स्कॉर्पियों में तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों को भी पथराव करते हुए दौड़ा लिया। इस दौरान कांवड़ियों के भेष में सिपाही लोकेश कुमार को पीटकर घायल कर दिया। अफसरों ने मुआवजा और कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
खजान सिंह (50) पुत्र रामचंद्र सिंह निवासी गांव बटजेवरा गांव के पास शिव मंदिर पर कांवड़ शिविर में सेवा कर रहा था। रविवार रात शिविर के बाहर खड़े खजान को रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियों गाड़ी ने टक्कर दे मारी। आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने करनाल-हाइवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसओ कंकरखेड़ा यादराम यादव से ग्रामीण उलझ गए। और पुलिस पर पथराव कर दिया। बाद में एडीएम सिटी, एसपी सिटी, सीओ दौराला, सिटी मजिस्ट्रेट आदि फोर्स लेकर पहुंचे। एसपी सिटी ने ग्रामीणों को समझाया कि आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। करीब एक घंटे बाद जाम खोला गया। ग्रामीणों की पिटाई से
घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों में कोहराम
खजान सिंह मजदूर था। उसकी मौत की जानकारी पर पत्नी शीला व बेटी नेहा (15) बिलख पड़े। बेटी बार -बार कह रही थी कि पापा मजदूरी करके जैसे तैसे उसे पढ़ा रहे थे। अब कौन पढ़ाएगा।