किठौर। श्रावण मास शुरू होते ही गढ़-मेरठ मार्ग पर कांवड़ यात्रा की रौनक दिखाई देने लगी है। हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले शिवभक्तों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारी संगठनों ने सेवा शिविर और भंडारे लगाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार से बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
गढ़-मेरठ मार्ग पर लगाए जा रहे शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय, फल, प्राथमिक उपचार, विश्राम और चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कई स्थानों पर शिवभक्तों के स्वागत के लिए विशेष सजावट भी की गई है। शिविर संचालकों का कहना है कि यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ सेवाओं का दायरा और बढ़ाया जाएगा।
हरिद्वार के लिए रवाना हो रहे कांवड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो गया है। प्रशासन भी कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्क है और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।