-पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। झिंझोखर गांव निवासी लोकेंद्र सिंह ने अपने नौकर कविनगर गाजियाबाद निवासी आरुश पर घर से सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने एक महीने बाद चोरी की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी। मगर आरोपी घर से भागा हुआ है।
रोहटा रोड स्थित झिंझोखर निवासी लोकेन्द्र सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उनके घर में आरुश त्यागी नौकर के रूप में काम करता था। आरोप है कि छह अगस्त की रात वह व उसके परिवार के सदस्य घर पर सो रहे थे। रात के समय आरोपी ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिजनों ने आरोपी की घर में तलाश की थी। आरोपी का नंबर भी बंद आ रहा था। पुलिस ने एक महीने तक जांच की। जांच के बाद चोरी की प्राथमिकी दर्ज की। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए एक टीम लगा दी गई है।