प्रत्याशियों को नियमों का पाठ पढ़ा रहे सेक्टर मजिस्ट्रेट
मेरठ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान की तिथि नजदीक आते ही पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बढ़ानी शुरू कर दी है। सेक्टर मजिस्ट्रेट लोगों के बीच में पहुंच रहे हैं। प्रत्याशियों को चुनाव के नियम बताए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के साथ मजिस्ट्रेट प्रत्याशियों की मीटिंग ले रहे हैं। अवैध शराब और प्रचार करने के लिए सामग्री बांटने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट गांव-गांव में जाकर प्रत्याशियों से बात कर रहे हैं। कोविड 19 की गाइडलाइन के बारे में जागरूक किया जा रहा है। पुलिस पूरी तरह निगरानी कर रही है। मतदान के दौरान भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों को कोरोना से बचाव की जानकारी दी जा रही है। शहर के बाद जिस तरह गांव में भी कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है, उससे स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है।
प्रत्याशियों की सूची तैयार कर जांच
मेरठ। पुलिस ने प्रत्याशियों को चेतावनी दी है कि वोटरों को लुभाने के लिए कोई भी सामग्री बांटी गई तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अब तक 125 प्रत्याशियों की सूची खुफिया विभाग ने पुलिस को सौंपी है, इनके खिलाफ अवैध शराब बांटने की शिकायत है। चुनाव में शराब परोसे जाने के मामले भी पकड़े भी गए हैं।