मवाना/सरधना। तहसील समाधान दिवस में एडीएम एलए ने तहसील अधिकारियों के साथ समस्याएं सुनी। इस दौरान 54 शिकायतें आई। जिसमें से मौके पर 9 का ही निस्तारण हो सका। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं सरधना तहसील दिवस में कुल 94 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से एक का भी समाधान नहीं हो सका। पेंडिंग 12 शिकायतों में से चार का निस्तारण कराया जा सका।
मवाना तहसील समाधान दिवस में एडीएम एल ए सुल्तान अशरफ सिद्धीकी ने उप जिलाधिकारी ऋषिराज, सीओ यूएन मिश्र, तहसीलदार अजय उपाध्याय के साथ समस्याएं सुनी। शिखा भाटी, खुशी आदि फलावदा ने मोबाइल टावर निर्माण के विरुद्ध, शुरती देव तजपुरा ने अतिक्रमण हटवाने, अमित खजूरी ने पट्टे पर कब्जा दिलवाने, रमाशंकर शर्मा परीक्षितगढ़ ने फरजी जाति प्रमाण पत्र, अनीसा फलावदा ने रकबा पूरा कराने, सोहनवीर सैनी, सुरेंद्र सैनी फलावदा आदि ने नगर पंचायत में भ्रष्टाचार के संबंध में डालचंद राजपुर ने खुले में मीट की दुकानें बंद कराने, फरजाना परीक्षितगढ़ ने जानमाल की सुरक्षा कराने, सुभाष अग्रवाल मो. मुन्नालाल ने ठेके की जमानत राशि वापस दिलाने, राजपुर परीक्षितगढ़ देहात के ग्रामीणों ने सफाई कराने, अशोक कुमार राजा दरवाजा परीक्षितगढ़ ने नगर पंचायत के तालाबों से भूमाफिया के कब्जे हटवाने की शिकायतें की। जिनका अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निस्तारण करने के आदेश दिए। तहसील समधान दिवस में कुल 54 शिकायतें आई, जिसमें मात्र 9 की निस्तारण मौके पर हो सका। जिसमें 18 शिकायत राजस्व विभाग, 12 शिकायत पुलिस विभाग, 6 शिकायत विकास विभाग से तथा एक शिकायत समाज कल्याण विभाग से आई। अन्य विभागों की 17 शिकायतें आईं।
किसान यूनियन ने भुगतान कराने की मांग
मवाना। तहसील समाधान दिवस में किसान यूनियन के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सभागार में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को बताया कि मवाना मिल को चलते हुए 90 दिन हो गए हैं और उन्हें मात्र 10 ही दिनों का पेमेंट दिया गया है। वह भी समिति ने अपने खाद बीज का पैसा उनसे काट लिया है। उन्होंने हंगामा किया तो सीओ मवाना यूएन मिश्र उप जिलाधिकारी ऋषिराज ने समझा बुझाकर शांत किया। इस संबंध में शीघ्र वार्ता करने का आश्वासन दिया।
समय से आधार कार्ड बनाने के निर्देश
मवाना। किसानों और ग्रामीणोंख् छात्र छात्राओं की समस्याओं को देखते हुए लगातार आ रही शिकायतों का निस्तारण के लिए तहसील दिवस के बाद उप जिलाधिकारी ऋषिराज सीओ मवाना यूएन मिश्र ने कस्बे के संबंधित बैंक मैनेजर के साथ सभागार में बैठक आयोजित की। इसमें सभी बैंक मैनेजर को निस्वार्थ और समय से आधार कार्ड बनाने के दिशा निर्देश दिए। वहीं लोगों का आरोप था कि आधार कार्ड बनाने में बैंक कर्मचारी धांधली कर रहे हैं। इससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पंजाब नेशनल बैंक मवाना के मैनेजर, भारतीय स्टेट बैंक मवाना के मैनेजर, सिंडीकेट बैंक मवाना के मैनेजर, भारतीय स्टेट बैंक हस्तिनापुर के मैनेजर के साथ आधार कार्ड में पारदर्शिता लाने के दिशा-निर्देश दिए।
चार शिकायतों का किया निस्तारण
सरधना। सरधना तहसील मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को संपूूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें एडीएम वित्त मेरठ सुभाष चंद्र प्रजापति व एडीएम अमित कुमार भारतीय, सीओ पंकज सिंह, तहसीलदार अवनीश कुमार ने जन समस्याएं सुनीं। संबधित अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए भी निर्देशित किया। पुलिस, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ, विद्युत आपूर्ति विभाग से संबधित 94 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका। पेंडिंग 12 शिकायतों में से चार का ही समाधान हो सका।