एसडी सदर स्कूल में शुक्रवार को छात्र के बैग में तमंचा देखकर शिक्षक व छात्रों में खलबली मच गई। जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसको थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक छात्र का कहना है कि 12वीं के छात्र ने उसको तमंचा बेचने के लिए दिया था। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है।
कंकरखेड़ा निवासी छात्र एसडी सदर में कक्षा 11वीं में पढ़ता है। शुक्रवार को वह बैग में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा, यह बात कुछ छात्रों को पता लग गई। छात्रों ने शिक्षकों को बताया तो उन्होंने उक्त छात्र के बैग की तलाशी ली, जिसमें तमंचा मिला। शिक्षकों की सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल पुलिस टीम के साथ स्कूल में पहुंची।
पुलिस ने छात्र के परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वे भी थाने पहुंच गए। छात्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक सीनियर छात्र ने स्कूल में ही उसको तमंचा बेचने के लिए दिया था। वह नहीं बिका तो शुक्रवार को वह तमंचा उसको वापस करने के लिए लाया था। पुलिस ने तमंचा देने वाले छात्र की तलाश शुरू की, लेकिन उसी वक्त स्कूल की छुट्टी हो गई।
आखिर कौन है हथियारों के सप्लाई के पीछे
इंस्पेक्टर सदर बाजार का कहना है कि छात्र पर तमंचा कहां से आया, इसकी जांच गंभीरता से की जा रही है। स्कूल में तमंचे बेचने की बात कही गई है। 12वीं के छात्र से शनिवार को पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की तह तक जाएगी कि आखिर हथियारों की सप्लाई करने के पीछे कौन है। छात्र के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है।