मुजफ्फरनगर में गंगनहर पटरी पर शुक्रवार को कार सवार चार लोगों ने ढाई माह के मासूम बालक की गर्दन पर चाकू रखकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला के पति को तमंचों की बटों से पीटा और उसके हाथ पैर बांधकर गन्ने के खेत में डाल दिया। पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई महिला ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह शुक्रवार को अपने पति और ढाई माह के बच्चे के साथ छपार थाना क्षेत्र के गांव बसेड़ा में दवाई लेने गई थी। सुबह करीब 11 बजे ये बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, रास्ते में गंगनहर पटरी पर गांव निरगाजनी के पास कार सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया और कहा कि आगे पटरी टूटी है, दूसरी तरफ से चले जाओ।
दूसरी ओर से कुछ दूर जाने पर उन्हें कार सवारों ने बाइक के आगे कार लगाकर रोक लिया और ढाई माह के बच्चे की गर्दन पर छुरी रख दी। बच्चे को मारने की धमकी देकर दंपति को खींचकर गन्ने के खेत में ले गए और महिला के साथ दुष्कर्म किया।
आरोपियों के फरार होने के बाद महिला खेत से बाहर आई, पटरी से भैंसा-बुग्गी लेकर गुजर रहे किसान को घटना की जानकारी दी। किसान ने फोन कर डायल 100 सेवा और ग्रामीणों को बताया, इसके बाद पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने उसके पति को बंधनमुक्त किया।