हॉकी मैच जीतने के बाद खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
- एसडी सदर में हुई हॉकी प्रतियोगिता में अंडर-17 में रहा रोमांचक मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कालेज सदर में चल रही हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को अंडर 14, 17 और अंडर 19 वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें अंडर 17 वर्ग में सबसे रोमांचक मैच रहा। इसमें पेनल्टी शूटआउट में एसडी सदर ने विजन स्पोर्ट्स एकेडमी को हराकर जीत प्राप्त की।
अंडर-17 वर्ग में फाइनल मुकाबला एसडी कॉलेज सदर टीम व विजन स्पोर्ट्स एकेडमी के बीच खेला गया। मैच के समाप्ति समय तक दोनों टीम 0-0 के स्कोर पर बराबर रहीं। दोनों टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट से मुकाबला नतीजा निकला। इसमें एसडी सदर की टीम ने विजन स्पोर्ट्स एकेडमी को 3-2 से पराजित कर फाइनल जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
एसडी सदर की ओर से कार्तिक यादव, लक्की शर्मा, वंश सिंघल ने गोल किया। विजन की ओर से जसवंत, अमन शर्मा ने गोल किया। अंडर-14 वर्ग का फाइनल मुकाबला स्टार ब्लू टीम व सेवन स्टार टीम के बीच हुआ। इसमें स्टार ब्लू टीम ने सेवन स्टार टीम को 1-0 से हरा जीत प्राप्त की। अंडर 19 वर्ग का फाइनल मुकाबला एसडी येलो व एसडी ब्लू के बीच खेला गया। इसमें एसडी येलो को एसडी ब्लू ने 2-0 से हराया। मैच के निर्णायक कौशल चौधरी, आकाश चौहान रहे।
प्रतियोगिता के बाद मुख्य अतिथि कपिल अग्रवाल और सुनील वाधवा ने विजेता टीमों को ट्राॅफी और मेडल देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग, हॉकी कोच जोगिंद्र सिंह ने सभी को बधाई दी। इस मौके पर नइमुद्दीन, साधना गोस्वामी सहित अन्य मौजूद रहे।