एसडी सदर में हॉकी मैच के बाद विजेता टीम
सनातन धर्म इंटर कॉलेज के मैदान में हुआ हॉकी मैचों का आयोजन
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के मैदान पर शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर दो हॉकी मैच खेले गए। पहला हॉकी मैच मुकाबला 14 आयु वर्ग में सिवाया गांव और यंग्स स्टार टीम के बीच खेला गया। मैच में सिवाया गांव टीम ने यंग्स स्टार टीम को 2-0 से पराजित कर जीत हासिल की ।
सिवाया की ओर से अक्षित चौहान, अनमोल ने अपनी टीम के लिए गोल दागे। पराजित टीम कोई गोल नहीं कर सकी। 16 वर्षीय वर्ग का दूसरा मुकाबला एसडी सदर टीम और विजन एकेडमी के बीच खेला गया। मैच समाप्ति तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। इसके बाद निर्णायक फैसला पेनाल्टी शूटआउट में हुआ।
एसडी सदर टीम के खिलाड़ियों ने यह मैच 3-2 से जीता। एसडी सदर टीम की ओर से सक्षम शर्मा, कार्तिक यादव, अर्पित शर्मा ने अपनी टीम के लिए गोल किए जबकि विजन एकेडमी की तरफ से तनिष्क, दीपांशु ने टीम के लिए दो गोल दागे। मैच के निर्णायक कौशल चौधरी, आकाश चौहान रहे। प्रधानाचार्य अरुण कुमार गर्ग , प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने मैच के पश्चात विजेता टीमों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।