छेड़छाड़ का विरोध करने पर पथराव, तीन घायल
खतौली में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी युवक ने पथराव कर दिया, जिस कारण युवती पक्ष के तीन लोग चोटिल हो गए। घायलों ने अपना उपचार अस्पताल में कराते हुए आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
मोहल्ला निवासी एक महिला ने कोतवाली में पड़ोसी युवक के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि आरोपी अपने घर की छत पर खड़ा होकर अपने कपड़े उतार कर उसके सामने अश्लील हरकत करता है। महिला ने बताया कि युवक की अश्लील हरकतों के कारण उसके परिवार की महिलाएं और युवतियों का घर से निकलना दूभर हो गया है।
गुरुवार को भी युवक ने परिवार की महिलाओं के सामने अश्लील हरकतें की, जिसका विरोध करने पर आरोपी युवक ने गालीगलौज करते हुए पथराव कर दिया। पथराव में परिवार के तीन सदस्य चोटिल हो गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।