स्कूटी सवार युवती ने गंगनहर में छलांग लगाई
सरधना। स्कूटी सवार युवती ने शनिवार को पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। पानी डूब रही युवती को स्थानीय तैराकों की मदद से पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया।
मोहल्ला किला निवासी एक युवती स्कूटी पर सवार होकर दौराला गई थी। शनिवार दोपहर वह स्कूटी पर दौराला निवासी अपनी मौसेरी बहन के साथ घर लौट रही थी। सरधना गंगनहर पुल पर पहुंचकर युवती ने स्कूटी रोक ली। देखते ही देखते मोहल्ला किला निवासी युवती ने गंगनहर में छलांग लगा दी। लोगों ने उसे कूदते देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय तैराकों की मदद से युवती को गंगनहर से बाहर निकलवाया। गनीमत रही कि युवती के पेट में ज्यादा पानी नहीं पहुंचा नहीं तो उसका बचना मुश्किल था। एसएसआई सुभाष सिंह ने बताया कि युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने घर में युवती से किसी भी कलह की बात से इनकार किया है। वहीं युवती गंगनहर में क्यों कूदी, इसका जवाब नहीं दे सकी। पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।