उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में छेड़छाड़ से आहत एक छात्रा ने फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। उसका शव सोमवार की सुबह 11 बजे अपने कमरे में लटका मिला। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके पिता की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव की यह 17 वर्षीय लड़की बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार सोमवार की सुबह वह सो कर उठी तो सामान्य थी। बीमार मां 15 दिनों से मुलाना (हरियाणा) के अस्पताल में भर्ती है। छात्रा घर का काम निपटा कर आराम करने को कह कर कमरे में गई और एक घंटे बाद छोटा भाई जब कमरे में गया तो वह छत में लगे फंदे पर लटकी थी। उसके चिल्लाने पर परिवार के लोग और पड़ोसी इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और मृतका के पिता की तहरीर पर गांव के ही एक युवक अतुल पुत्र धर्मवीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
आरोप है कि वह कालेज के रास्ते में छेड़छाड़ करता था। कई बार छात्रा ने घर पर इसकी शिकायत की तो युवक के परिजनों को आगाह किया गया लेकिन हालात नहीं बदले तो आहत हो कर छात्रा ने जान दे दी। छात्रा के दो छोटे भाई हैं और मौत से परिवार सदमे में है। एसओ संजीव कुमार का कहना है कि मामला संदिग्ध है और जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
दो माह के अंदर छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव जोंधेबांस में किशोरी ने जहर खा कर जान दे दी थी। तब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/