आज से खुलेंगे एक से पांचवीं तक के स्कूल
मेरठ। कोविड 19 संक्रमण के कारण पिछले साल मार्च से बंद चल रहीं कक्षा एक से पांचवीं तक की कक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। माध्यमिक के साथ ही परिषदीय विद्यालयों में रौनक लौटेगी। डीआईओएस गिरजेश चौधरी और बीएसए सतेंद्र कुमार ने सभी विद्यालयों को व्यवस्थाएं कराने और कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में लिखा है कि कक्षाओं में पहले 50-50 फीसदी बच्चों को बुलाया जाए। जिन विद्यालयों जूनियर कक्षाओं में बच्चों की संख्या अधिक है वहां दो पालियों में कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
बच्चों को विद्यालय में कक्षाओं के लिए बुलाने के लिए प्रबंधन और प्रिंसिपल को अभिभावकों को अनुमति लेनी होगी। अगर अभिभावक अनुमति नहीं देते हैं और बच्चों को विद्यालय भेजने से इनकार करते हैं तो प्रबंधन और विद्यालय के प्रिंसिपल उन्हें बाध्य नहीं कर सकते हैं। निर्देशानुसार सोमवार और बृहस्पतिवार को कक्षा एक और पांच की कक्षाएं, मंगलवार और शुक्रवार को कक्षा दो व चार की कक्षाएं, बुधवार और शनिवार को कक्षा तीन की कक्षाएं संचालित होंगी। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के भी निर्देश दिए गए हैं। खेलकूद और अन्य प्रकार के कार्यक्रम नहीं होंगे।