स्कूल संचालक से 10 लाख की रंगदारी मांगने का मामला, आईपी एड्रेस ट्रेस नहीं कर सकी पुलिस
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। नौचंदी थानाक्षेत्र के शास्त्री नगर जी ब्लॉक में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के संचालक कवलजीत सिंह से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के बाद उनका परिवार दहशत में है। 48 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक आईपी एड्रेस ट्रेस नहीं कर सकी है। सिख समाज के लोगों ने भी कार्रवाई की मांग रखी है। साइबर एक्सपर्ट जांच कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रहे हैं।
कवलजीत सिंह ऑल इंडिया स्कूल लीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और रालोद के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव भी हैं। बुधवार शाम को उन्हें ईमेल भेजकर 10 लाख रुपये की मांग की गई थी, न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर साइबर एक्सपर्ट ने जांच शुरू कर दी थी।
विज्ञापन
मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल शुक्रवार को स्कूल पहुंचे। उन्होंने नौचंदी पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने आश्वस्त किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। सरदार जीतू सिंह नागपाल ने सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। सिख समाज से बबली सेठी, जगमीत नीतू आदि मौजूद रहे। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि साइबर एक्सपर्ट ने गूगल को मेल करके जानकारी मांगी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कवल जीत सिंह शास्त्रीनगर में एक कोठी बनवा रहे है, ऐसा भी हो सकता है कि किसी ठेकेदार या फिर मजदूर ने यह हरकत कराई हो। इसके अलावा कवलजीत सिंह एक और स्कूल बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस बिंदु से भी पुलिस जोड़कर देख रही है।