स्कूल खुलते ही शहर में यातायात व्यवस्था पुलिस अफसरों के लिए चुनौती बनने लगी है। छुट्टियों के बाद मंगलवार को स्कूल कॉलेज खुले तो कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। वेस्ट रोड पर छुट्टी के समय यातायात व्यवस्था धड़ाम नजर आई।
एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों की छुट्टी के समय वनवे व्यवस्था पहले से लागू है। छुट्टी के समय वही वाहन वेस्ट एंड से निकल सकते हैं कि जो स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने वाले हैं। मंगलवार दोपहर को भी स्कूलों की छुट्टी के दौरान अन्य वाहनों को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया गया। जाम से निपटने के लिए वेस्ट एंड रोड पर छह स्थानों पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गये थे। पांच ट्रैमो बाइक और एक टीएसआई भी मौजूद थे। इसके बाद भी स्कूलों की छुट्टी हुई तो वहां पर जाम लग गया। इस दौरान बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
वेस्ट एंड रोड पर एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी भी पहुंचे और खुद यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि स्कूलों की छुट्टी के समय सैकड़ों बच्चे एक साथ निकलते हैं, तो जाम जैसी स्थिति लगती है। दस मिनट में ही यातायात व्यवस्था सुधर गई थी।
क्या रोज ऐसे ही उतरेगा अमला
यातायात व्यवस्था को लेकर क्या रोज ट्रैफिक पुलिस का अमला ऐसे ही तरेगा। अफसर ऐसे ही सड़क पर उतरें तो व्यवस्था में सुधार हो सकता है। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि वेस्ट एंड रोड की जिम्मेदारी टीआई और एसआई को दी गई है।
कई स्थानों पर जाम, पुलिस बेबस
दोपहर को स्कूलों की छुट्टी के समय कई स्थानों पर जाम की समस्या बनी रही। आरजी कॉलेज और छीपी टैंक के पास भी सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम लगा रहा। बाद में किसी तरह ट्रैफिक पुलिस ने जाम खुलवाया।