अफजलगढ़ के गांव पत्थरवाला के पास अनियंत्रित होकर पलटी बस। संवाद
अफजलगढ़/कादराबाद। कालागढ़ मार्ग पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बच्चों से भरी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। मौके पर दौड़े लोगों ने बच्चों और शिक्षकों को बाहर निकाला। इसमें एक शिक्षिका व 10 बच्चे घायल हुए है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आईं हैं। बस में 27 बच्चे और तीन शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
विजयनगर स्थित सनशाइन स्कूल की बस सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव मीरापुर व बनियोवाला से बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। कालागढ़-अफजलगढ़ मार्ग स्थित गांव पत्थरवाला के पास सामने से से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। बस पलटते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला। दुर्घटना में एक शिक्षिका और 10 बच्चे घायल हुए है। इनके अलावा कई को मामूली रूप से चोटें आईं। सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक दौड़े। पुलिस सीएचसी पर पहुंची। बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। स्कूल बस को कालागढ़ निवासी चालक रवि चला रहा था।
पांच बच्चे हायर सेंटर रेफर : घायल बच्चों में प्रभदीप कौर (12), रघुवीर सिंह (13) मीरापुर, दक्ष (12) बनियोवाला, मनन (8) व रक्ष (12) पुत्रगण राजकुमार, शुभ पदमौला (12) पुत्र नरेश पदमौला गांव भिक्कावाला, निशा (7) पुत्री रोहित कालागढ़ तथा शिक्षिका निधी (25) पत्नी चेतन मीरापुर नॉर्थ घायल हुए है। प्रभदीप कौर, रघुवीर, निधि, दक्ष व निशा को हायर सेंटर रेफर किया गया।
चलेगा अभियान : एआरटीओ प्रवर्तन गौरी शंकर स्कूल बस पलटने की सूचना पर पहुंचे और जानकारी हासिल की। उन्होंने तीन दिन तक स्कूल बसों की जांच के लिए अभियान चलाने की बात कही है।
अफजलगढ़ के गांव पत्थरवाला के पास अनियंत्रित होकर पलटी बस। संवाद