बोगी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर तिरछी हुई बस। (मवाना)
मवाना। गांव किशनपुर बिराना मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह गांव से बच्चों को लेकर आ रही स्कूल बस सामने से आ रही बोगी को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे पटरी कटी होने के कारण अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई। इसमें सवार बच्चे सहम गए। किसी को चोट नहीं आई।
गांव मीवा स्थित एसआर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की बस गांव किशनपुर बिराना से बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। बिजलीघर के नजदीक मवाना की ओर से आ रही भैंसा-बोगी को बचाने के लिए चालक ने बस सड़क किनारे पर की तो बस का अगला पहिया सड़क की पटरी कटी होने के कारण अनियंत्रित होकर मिट्टी में धंसता चला गया। बस खेत में उतरकर तिरछी हो गई। उसमें सवार बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर अभिभावक व स्कूल के स्कूल प्रबंधक रमेश मौके पर पहुंचे। अभिभावकों ने बच्चे सकुशल मिलने पर राहत की सांस ली। रमेश ने बताया कि बस में सवार सभी 15 बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित हैं। किसी को कोई चोट नहीं आई है। बाद में बस को क्रेन से बाहर निकलवाया गया।