संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कृषक इंटर कॉलेज में 73 यूपी बटालियन एनसीसी मुख्यालय द्वारा छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मेधावी एनसीसी कैडेट्स को छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया।
समारोह कमान अधिकारी कर्नल शैली मलहोत्रा के निर्देशन, उपकमान अधिकारी कर्नल आशीष मोहन अग्रवाल के पर्यवेक्षण और सूबेदार मेजर कुलविंदर सिंह के संचालन में हुआ। समारोह के दौरान कृषक इंटर कॉलेज की जूनियर विंग की कैडेट जिया शर्मा व आकांक्षा और कृषक पीजी कॉलेज की सीनियर विंग की कैडेट कशिश व दीपांशी को सूबेदार मेजर कुलविंदर सिंह द्वारा छह-छह हजार रुपये की छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए गए।
उप कमान अधिकारी ने बताया कि एनसीसी कैडेट वेलफेयर सोसायटी द्वारा संपूर्ण भारत में मेरिट के आधार पर 1000 कैडेट्स को छात्रवृत्ति दी जाती है। उन्होंने 73 यूपी बटालियन की चार बालिकाओं के चयन को गर्व का विषय और नारी सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।