... संगठन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कागजी बाजार में लगाए गए काले झंडे
.. जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन मांग पत्र शासन को भेजा जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने बुधवार को जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपकर मेरठ के व्यापारियों और प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2014 से मेरठ के लोगों दिलों से जुड़े पीएम मोदी ही मेरठ की समस्याओं का समाधान करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन न्यायालय के आदेशों और कानून का सम्मान करते हुए ऐसा व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान चाहता है। वर्षों से स्थापित व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों और लोगों की आजीविका सुरक्षित रह सके। उन्होंने बताया कि आज भी कागजी बाजार में काले झंडे लगाए गए।
महामंत्री संजय जैन ने कहा कि मांगपत्र में प्रभावित व्यापारियों को तत्काल राहत देने, पुराने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और भवनों के मामलों के लिए अलग नीति बनाने तथा वर्तमान नियमों के तहत नियमितीकरण या अन्य वैधानिक विकल्प तलाशने की मांग की गई।
उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में निष्पक्ष सर्वेक्षण कराने और किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों को अभिलेख प्रस्तुत करें । आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का अवसर भी दिया जाए।
मंत्री संजीव जिंदल और विकास गिरधर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार से संयुक्त रूप से मामले पर विचार करने तथा जरूरत के अनुसार विशेष कानूनी या नीतिगत व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने का अनुरोध किया।
कोषाध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल ने कहा कि मामला केवल दुकानों और भवनों का नहीं है। बल्कि व्यापार, रोजगार, कर्मचारियों, श्रमिकों और परिवारों की आजीविका से जुड़ा है। हमें सरकार पर पूर्ण विश्वास है कि अब एक भी प्रतिष्ठान नहीं टूटेगा।
संघ ने जिलाधिकारी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात का समय निर्धारित कराने की मांग की। इस दौरान अमित बंसल, राजबीर सिंह, बिल्लू, सुनील रिठानी आदि व्यापारी रहे।