परिजन के न आने से सौरव के शव का नहीं हुआ पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में सोमवार रात हुई प्रयागराज निवासी मजदूर सौरव की हत्या प्रभातनगर कॉलोनी निवासी आकाश ने गाली गलौज और हमला करने पर की थी। सीसीटीवी की फुटेज के माध्यम से मिले साक्ष्यों के आधार पर बुधवार शाम पुलिस ने आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने के बाद भी बुधवार शाम तक सौरव के परिजन नहीं आ पाए। इस वजह से अभी तक पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है।
प्रयागराज के पानदरीबा निवासी सौरभ शर्मा (35) का शव मंगलवार सुबह प्रभात नगर कॉलोनी की गली में पड़ा मिला था। पेट से आंत भी बाहर निकली हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही थी कि किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई। पुलिस ने पहचान होने के बाद शव मोर्चरी भिजवा दिया था। परिजनों को सूचना दे दी थी। इस मामले में नगर पालिका सभासद अनिल कुमार की ओर से रिपोर्ट दर्ज किया है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और लोगों के बयान के आधार प्रभात नगर कॉलोनी निवासी आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह सोमवार शाम कैंटीन में शराब पी रहा था। सौरव भी वहां बैठा था। बिना किसी कारण सौरव ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध जताने के बाद वह कैंटीन से निकलकर गली में पहुंचा।
तभी पीछे से आए सौरव ने ईंट से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों में हाथापाई हो गई। आकाश ने अपने पास मौजूद घरेलू चाकू से सौरव के पेट पर वार किया। वह मौके पर ही गिर गया। इसके बाद वह फरार हो गया। आरोपी को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बुजुर्ग और बीमार है सौरव की मां
पुलिस की जांच में सामने आया कि 15-20 दिन पूर्व सौरव हस्तिनापुर से नोएडा चला गया था। तब उसने हस्तिनापुर शराब के ठेके से ही नोएडा में किसी ठेकेदार को काम के सिलसिले में फोन किया था। सोमवार को वह वापस हस्तिनापुर आया था। जिसके बाद उसी ठेके पर शराब पी। घर में उसकी 85 वर्षीय मां रामरति अकेली है और बीमार भी है। वह मेरठ आने में असमर्थ है। भाई भी किसी स्थान पर मजदूरी करता है। उससे संपर्क नहीं हो पाया है। स्थानीय पुलिस प्रयागराज पुलिस से संपर्क कर अन्य परिजनों को बुलाने का प्रयास कर रही है। परिजनों के न आने के कारण अभी तक पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।