मेरठ। ब्रह्मपुरी के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में सोमवार को अदालत में सौरभ के शव का पंचनामा भरने वाले गौरीपुरा चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र गौड़ की गवाही हुई। उन्होंने कहा कि नीले ड्रम में सौरभ का शव था। ड्रम उसके कमरे से मुस्कान और साहिल शुक्ला की निशानदेही पर बरामद किया था। ड्रम को सीमेंट और डस्ट से भर कर सील किया था। ड्रम काटने पर उसके अंदर से सौरभ का शव चार टुकड़ों में मिला था।
न्यायालय में सोमवार को मुकदमे के ट्रायल के दौरान मुस्कान और साहिल शुक्ला की जेल से वीडियो कांफ्रेसिंग से कोर्ट में पेशी हुई। सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र गौड़ ने कोर्ट में कहा कि उन्होंने नीले ड्रम से निकले सौरभ के शव का पंचनामा भरा था। ड्रम से सौरभ का सिर, धड़ और दोनों हाथों के पंजे कटे हुए अवस्था में मिले थे। बचाव पक्ष के वकील ने सोमवार को सब इंस्पेक्टर की गवाही पर जिरह नहीं की। उन्होंने इसके लिए कोर्ट से समय मांगा। अदालत ने अब जिरह के लिए 10 अक्तूबर की तारीख नियत की है।
इन गवाहों के हो चुके बयान
सौरभ हत्याकांड के मुकदमे का ट्रायल जिला जज संजीव पांडे के न्यायालय में चल रहा है। ट्रायल में पहले सभी 36 गवाहों की बयान दर्ज किए जाएंगे। कोर्ट में अभी तक मुकदमे के वादी मृतक सौरभ राजपूत के भाई बबलू, रिपोर्ट दर्ज करने वाले हेडमोहर्रिर बृजेश कुमार, सौरभ की मां रेणू, मृतक के दोस्त सौरभ कुमार, चाकू छुरी विक्रेता राकेश, नीला ड्रम विक्रेता सैफुद्दीन और बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान करने वाले आशु, दवा लिखने वाले डॉ. अरविंद कुमार देशवाल, दवाई देने वाले उषा मेडिकल स्टोर संचालक अमित जोशी, नीले ड्रम को काटने वाले अशोक और पंचनामा भरने वाले दरोगा धर्मेंद्र गौड़ की गवाही हो चुकी है।
यह था हत्याकांड
मेरठ। लंदन के एक मॉल में काम करने वाला सौरभ राजपूत पूर्व में नेवी मर्चेट में काम करता था। लंदन से 24 फरवरी को मेरठ अपने घर ब्रह्मपुरी आए सौरभ ने 25 फरवरी को बेटी पीहू का जन्मदिन और 27 फरवरी को पत्नी मुस्कान रस्तोगी का जन्मदिन मनाया था। सौरभ की 3 मार्च की रात को उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों ने शव के टुकड़े कर उसे प्लास्टिक के नीले ड्रम में सीमेंट के घोल से सील कर दिए थे। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पांच मार्च को दोनों घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश कसोल चले गए थे। 17 मार्च को दोनों मेरठ लौट कर आए थे। 18 मार्च को इस बहुचर्चित हत्याकांड का खुलासा हुआ था। 19 मार्च को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने सौरभ के भाई बबलू की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था, तभी से दोनों जेल में बंद है।