मेरठ। बहुचर्चित नीले ड्रम वाले सौरभ हत्याकांड में सोमवार को जिला जज न्यायालय में बचाव पक्ष की वकील ने गवाह होटल मैनेजरों के बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिमला, मनाली और कसौल के होटलों के रजिस्टरों में साहिल और मुस्कान का रिश्ता नहीं लिखा गया था। रजिस्टर में दोनों ने हस्ताक्षर भी नहीं किए थे। अब इस मामले में मंगलवार आज सुनवाई होगी।
जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण कुमार चौबे ने बताया कि सौरभ की हत्या के बाद आरोपी पत्नी मुस्कान अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ घूमने चली गई थी। वे शिमला, मनाली और कसौल के होटलों में रुके थे। इसके चलते अभियोजन पक्ष की ओर से तीनों होटल मैनेजरों को गवाह बनाकर बयान दर्ज कराए गए थे। उन्होंने गवाही देने के साथ होटलों के सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर आदि का रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराया था।
बचाव पक्ष की वकील ने सोमवार को गवाह होटल मैनेजरों और सौरभ के दोस्त संजीव पाल के बयान पर भी सवाल उठाए। इसके बाद बचाव की पक्ष की तरफ से अंतिम बहस लगभग पूरी हो गई है। हालांकि अब वह अंतिम बहस के संबंध में मंगलवार को सुनवाई के दौरान न्यायालय को आरोपियों के बचाव में पूरी जानकारी देंगी। इसके बाद अभियोजन पक्ष, बचाव पक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देगा। इसके बाद जल्द इस मामले में फैसला आने की उम्मीद है।