बड़ौत निवासी सौरभ कुमार में गजब का हुनर है। गेंदबाजी के साथ वह बल्लेबाजी भी शानदार कर लेते हैं। पिछले दिनों दिल्ली की ओर से खेलते हुए सौरभ ने बड़ौदा के खिलाफ शतक लगाया था। उस शतक की बदौलत वह छा गए। आईपीएल की पुणे राइजिंग टीम ने उन्हें ऑलराउंडर के तौर पर खरीदा।
सौरभ आईपीएल के दसवें सीजन के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया वह बड़ौत से दिल्ली प्रतिदिन अभ्यास करने जाते थे। मैदान की थकान के अलावा उन्हें सफर की थकान भी होती थी। लेकिन आईपीएल में चयन से उनका मनोबल बढ़ा है। उनका सपना टीम इंडिया के लिए खेलना है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी के वह मुरीद हैं। सौरभ मूलरूप से मुजफ्फरनगर के बिटावदा गांव के रहने वाले हैं। पिता रमेश चंद दिल्ली में नौकरी करते थे। सहूलियत और बच्चों की शिक्षा के लिए परिवार बड़ौत के आजाद नगर में आकर बस गया। यहीं पढ़ाई की और खेल सीखा। आगे बढ़ने के लिए वर्तमान समय परिवार के लोगों ने मेरठ में बाईपास के निकट आशियाना बनाया है। सौरभ ने सात दिसंबर 2014 को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था, लेकिन बीता सत्र उसके लिए मुफीद रहा। धर्मशाला में तमिलनाडु के खिलाफ 51 रन, हैदराबाद के खिलाफ 52, रेलवे के खिलाफ 53 और बड़ौदा के खिलाफ 105 रन की पारी ने उन्हें ऑल राउंडर के तौर पर स्थापित करने का काम किया।