सौंदत्त की युवती को ट्रक ने कुचला, मौत
मवाना। मुख्य मार्ग पर सुभाष चौक के पास रविवार को ट्रक ने बाइक सवार युवती को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी भिजवाया तथा घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
परीक्षितगढ़ के गांव सौंदत्त निवासी शाहरुख, उसकी पत्नी अल्लो तथा रिश्तेदार निशा (17) पुत्री कलवा मुजफ्फरनगर से किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद गांव लौट रहे थे। रविवार शाम करीब सवा सात बजे मवाना में मुख्य मार्ग पर सुभाष चौक के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे निशा गिर गई तथा ट्रक ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार अल्लो भी गिरने से घायल हो गई। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम के हालात बन गए तथा दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने घायल महिला अल्लो तथा निशा के शव को सीएचसी भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।