- आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में खेला गया मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल और आईटीआई क्रिकेट एकेडमी के मैदान में आयोजित स्पोर्ट्स फॉर स्कूल अंडर-14 स्टेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला सरयू स्ट्राइकर्स की टीम ने जीत लिया। टीम ने फाइनल में वेस्ट यूपी को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में खेले गए फाइनल मैच में वेस्ट यूपी हस्तिनापुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 171 रन बनाए। इसमें चिराग ने 39, विराट ने 37, मयंक ने 35 और विवेक ने 34 रनों का योगदान दिया। सरयू स्ट्राइकर्स की ओर से नकुल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए जबकि कबीर सिंह, कार्तिक और अली को 2-2 विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरयू स्ट्राइकर्स की टीम ने 19.3 ओवर में नौ विकेट खोकर 172 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। टीम के लिए देव शर्मा ने 42, राघव ने 36 और अभिनव ने 38 रनों की शानदार पारियां खेलीं। वेस्ट यूपी हस्तिनापुर की ओर से अरिश ने तीन, विराट ने दो, विवेक, अभय और शिवा ने 1-1 विकेट झटका। इसके बाद ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर समापन समारोह का आयोजन हआ। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जिला ओलंपिक संघ के सचिव प्रेम कुमार ने सभी टीम के खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्पोर्ट्स फॉर स्पोर्ट्स फेडरेशन के चेयरमैन देवेंद्र ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चारों टीमों में से एक सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया जाएगा। यह टीम उत्तराखंड में होने वाले 'ऑल इंडिया स्पोर्ट्स फॉर स्कूल्स' टूर्नामेंट में भाग लेगी। क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि इस पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में विवेक शेखर, कनिष्क जैन, विनीत सरीन, वीरेंद्र कौशिक, सुभाष राजपूत आदि का विशेष सहयोग रहा।