हिस्ट्रीशीटर सरताज की हत्या में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव जिसोरा में हाल ही में हुए हिस्ट्रीशीटर सरताज हत्याकांड में नामजद रिपोर्ट होने के बावजूद पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे पीड़ित परिजनों में रोष है। वहीं पुलिस का कहना है का कहना है कि मौत के कारण स्पष्ट नहीं हाेने के कारण डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।
गांव जिसोरा निवासी हिस्ट्रीशीटर सरताज पुत्र शौकीन 5 अक्तूबर से लापता था। उसका क्षत-विक्षत शव 15 अक्तूबर को हापुड़-मेरठ बार्डर पर शरीकपुर नाले में पड़ा मिला था। परिजनों ने गांव के ही नौ लोगों पर अपहरण कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था। मृतक सरताज के भाई वकील अहमद का कहना है कि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सरताज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। इसके परीक्षण से मौत का कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है। डीएनए परीक्षण का निर्णय लिया गया है।