संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गंज बाजार में स्थित सरधना व्यापार मंडल के कार्यालय पर बैठक आयोजित बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष पंकज जैन ने की। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र और लेबर इंस्पेक्टर शशिकांत पांडेय मौजूद रहे। व्यापारियों ने बाजार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। व्यापारियों ने बताया कि बाजार के कई क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील की और किसी भी आपराधिक गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने के लिए कहा।
वहीं, लेबर इंस्पेक्टर शशिकांत पांडेय ने व्यापारियों से बाल श्रम न कराने और अपने प्रतिष्ठानों का रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग नियमों का पालन कराने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। इस दौरान महामंत्री ऋषभ जैन, सौरभ जैन, राजेंद्र पहलवान, कुणाल जैन, राजीव जैन, विकास जैन, राहुल सैनी, मुकेश जैन, लोकेश जैन, अर्जुन आदि मौजूद रहे।