सरस्वती शिशु मंदिर के शूटरों का हुआ सम्मान
सहारनपुर में हुई सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
स्कूल में सभी खिलाड़ियों का किया गया सम्मान
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक सहारनपुर में किया गया। इसमें बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक जीते। स्कूल में सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। प्रतियोगिता के आधार पर विद्यालय के चार शूटरों का चयन सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ।
चार दिवसीय चैंपियनशिप में उत्तर भारत के सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के निशानेबाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। विद्यालय के अंश कुमार, अंश तोमर, धैर्य प्रताप ने 1098 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। एयर राइफल अंडर 17 टीम स्पर्धा में जिग्यांश भाटी, रियांश पाल, सागर तोमर ने 1137 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।
एयर पिस्टल में अभय, दिव्यांश और उत्कर्ष ने 1127 अंक के साथ रजत पदक जीता। अंडर 14 में धैर्य ने 378 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। अंश ने एयर पिस्टल में 365 अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया। अंडर 19 एयर पिस्टल में पार्थ गोयल ने 378 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने सभी पदक विजेताओं और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। इस प्रतियोगिता के आधार पर धैर्य प्रताप, अंश, पार्थ व जिग्यांश आदि का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।