रोहटा रोड पर जर्जर सड़क और नाला निर्माण की मांग को लेकर दर्जनों लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर सड़क जाम कर दी। सूचना पर एसीएम व पुलिस मौके पर पहुंची। एसीएम के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। इस दौरान करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
जन कल्याण वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष दुष्यंत रोहटा के नेतृत्व में दर्जनों लोग रोहटा रोड स्थित नंद विहार के सामने जमा हुए। लोगों ने नाला व जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना एसीएम सदर अमिताभ व इंस्पेक्टर दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे। एसीएम ने लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि एमडीए की ओर से रोहटा रोड पर पानी निकासी के लिए 3 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण शुरू कराया गया था। लेकिन किसी कारण से नाला निर्माण बीच में ही रोक दिया। इस कारण करीब एक साल से पानी निकासी की समस्या बनी है। वहीं रोहटा रोड भी टूटकर जर्जर हो चुकी है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
लोगों ने एसीएम को चेतावनी दी कि अगर 15 दिन के भीतर नाला निर्माण शुरू नहीं कराया और सड़क की हालत ठीक नहीं हुई तो लोग भूख हड़ताल करेंगे। एसीएम ने जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। तब लोगों ने जाम खोला। इस दौरान करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। प्रदर्शन में इस दौरान अजय मलिक, ओमपाल ढाका, मोहित, आनंद, आशीष यादव, संजय शर्मा, सतपाल सेहरावत, शेर सिंह, मोहित वशिष्ठ, गुडडू मलिक, मुकेश त्यागी, ओपी मेहरा, विपुल, प्रदीप ढाका, संजू दिवान अरुण मलिक, नरेन्द्र, केपी सिंह, विपुल, किरण पाल सिंह आदि मौजूद रहे।