दिल्ली देहरादून हाईवे पर रविवार रात को भीषण जाम लगा रहा। मोदीनगर में जहां सात किमी तक वाहनों की लाइन लगी रही। वहीं परतापुर तिराहा और दिल्ली रोड पर भी जाम की चपेट में आ गई। रात में शादियों के कारण वीआईपी लोग भी जाम में फंसे रहे। कई स्थानों पर बीच सड़क पर चढ़त के कारण जाम लगा रहा।
रविवार को अधिंकाश मंडपों में शादी थी। ऐसे में वाहनों की अधिकता के चलते भीषण जाम लगा रहा। एनएच - 58 पर भीषण जाम लगा रहा। मुरादनगर के रावली रोड तिराहे पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे से जाम लगना शुरू हुआ। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद सीएचसी, बंबा रोड, उखलारसी और जलालपुर कट पर जाम लगना शुरू हुआ। विपरीत दिशा से वाहन आने पर हालात और अधिक बिगड़ गए। रात में फिर से भीषण जाम लगा रहा। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर भीषण जाम लग गया। जाम में फंसे यात्रियों ने संपर्क मार्गों का सहारा लिया। कई एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियां जाम में फंसी नजर आईं। कई घंटों तक जाम के चलते वाहन रेंगते नजर आए। रात में परतापुर तिराहे पर भी लंबी लाइन लग गई। परतापुर बाईपास, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर और मोदीपुरम में भी जाम लगा रहा। दिल्ली रोड पर रिठानी और बिजली बंबा तिराहे पर भी वाहन रेंगते रहे। बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। कंकरखेड़ा में जाम के अलावा मवाना रोड पर गंगानगर से लेकर रजपुरा पुलिस चौकी तक जाम लगा रहा। गढ़ रोड पर भी रात में जाम लगा रहा। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई का कहना है कि शादियों के कारण वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बनी थी। पुलिस ने शहर में ट्रैफिक को रूकने नहीं दिया।