अध्यक्ष समेत ज्यादातर पदाधिकारी जहां मंगलवार से पूरी तरह बाजार खोलने के पक्ष में रहे तो महामंत्री बुधवार को लेकर अड़ गए। हालांकि हड़ताल खुलने के शोर के बीच अधिकांश कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोल लिए, जिन पर ग्राहकों ने खरीददारी भी की।
ऑल इंडियन बुलियन ज्वैलर्स स्वर्णकार फेडरेशन के बैनर तले देश भर में सराफा व्यापारी एक्साइज ड्यूटी का विरोध कर रहे हैं। मेरठ में भी 2 मार्च से हड़ताल चल रही है। इतनी लंबी चली हड़ताल का कोई परिणाम सामने न आने से सराफा व्यापारियों के धैर्य ने जवाब दे दिया। शहर सराफा, कागजी बाजार, नील की गली, सदर बाजार समेत अन्य बाजारों में कई सराफा कारोबारी अपने प्रतिष्ठान लगातार खोल रहे हैं।
जिस पर मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने ऑल इंडिया सराफा एक्शन कमेटी से बात कर सराफा व्यापारियों की भावनाओं से अवगत कराया।
सराफा बाजार पूरी तरह से खोलने को लेकर रविवार दोपहर शहर सराफा स्थित मंदिर महादेव में बैठक भी बुला ली गई। जिसमें अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष राजकुमार भारद्वाज, लोकेश अग्रवाल, मंत्री संजय रस्तोगी, अनिल, कार्यकारिणी सदस्यों के अलावा सराफा व्यापार संघ महामंत्री दिनेश रस्तोगी समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
जिसमें फैसला होने के बाद अध्यक्ष ने मंगलवार से सराफा बाजार खोलने का एलान कर दिया। हालांकि यह भी कहा कि हड़ताल अभी सिर्फ स्थगित की जा रही है। जरूरत पड़ी तो हड़ताल दोबारा भी की जा सकती है।
वहीं, ऑल इंडिया सराफा एक्शन कमेटी रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिली। इसमें मेरठ से मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री सर्वेश सराफ, कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल,
मंत्री नरेश माहेश्वरी शामिल हुए। शाह ने एक्साइज ड्यूटी वापस न लेने की बात कहकर कमेटी से सराफा व्यापारियों की मांग का प्रस्ताव बनाकर देने को कहा, ताकि सराफा व्यापारियों की समस्या का समाधान किया जा सके।
यह कमेटी तीन दिन में यह प्रस्ताव सौंपेगी। जिसके बाद सर्वेश सराफ ने कहा कि मंगलवार तक सराफा व्यापारी हड़ताल पर रहेंगे और पूरे देश समेत मेरठ में सराफा व्यापार बुधवार से प्रतिष्ठान खोलेंगे।
खुला रहा बाजार
इन 40 दिनों की हड़ताल के बीच मेरठ संघर्ष समिति और एसोसिएशन की अनदेखी करके कई सराफा व्यापारी लगातार अपने प्रतिष्ठान खोल रहे हैं। रविवार सुबह भी अधिकांश सराफा व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले तो दोपहर को प्रतिष्ठानों पर आधा शटर डाल दिया गया। लेकिन, शाम को इन्होंने अपने प्रतिष्ठान खोले, जहां ग्राहकों ने भी खरीददारी की।
कोट
करीब डेढ़ माह से लगातार हड़ताल से सराफा कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में जो व्यापारी प्रतिष्ठान खोलना चाहते हैं, उन्हें जबरन बंद नहीं कराया जा सकता। सराफा व्यापारियों की भावनाओं को देखते हुए मंगलवार से प्रतिष्ठान खोलने की घोषणा की गई है। - रवि प्रकाश अग्रवाल, अध्यक्ष, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन
---
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है। एक्शन कमेटी प्रस्ताव बनाकर उन्हें देगी। इसके बाद मेरठ समेत देश भर में बुधवार से बाजार खुलेंगे। - सर्वेश सराफ, महामंत्री, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन