फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सराफ के परिवार पर ढाई घंटे तक मंडराती रही मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में सराफ तेजपाल सिंह के परिवार पर शुक्रवार आधी रात ढाई घंटे तक मौत मंडराती रही। बदमाशों ने तिजौरी की चाबी न देने पर सराफ के इकलौते बेटे कपिल को बंधक बनाकर कई बार पीटा। कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी देते रहे। बेटे की जान जोखिम में देख सराफ और उनकी पत्नी की रूह कांपती रही। चाबी न मिलने पर बदमाश घर की अलमारी और दूसरी जगहों से मिली नकदी, सोना और कीमती सामान ही ले गए।
विज्ञापन

दरअसल बदमाशों ने पूरा घर तो खंगाल लिया था, लेकिन उन्हें तिजौरी की चाबी नहीं मिली। जिस पर वे कपिल को मारने के लिए आमादा हो गए। दंपती को डर था कि कहीं जागृति विहार सेक्टर-2 में अमन जैन की हत्या जैसी घटना न हो जाए। दंपती ने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि घर का सारा सामान ले जाओ, लेकिन बेटे को कुछ मत कहो।
15 मिनट तक थमीं रहीं सांसें
दंपती को दूसरी मंजिल के कमरे में बंधक बनाकर बदमाश बेटे कपिल को प्रथम तल पर ले आए थे। करीब 15 मिनट तक बेटा दंपती की नजरों से दूर रहा और इस दौरान दंपती की सांसें थमी रहीं। बाद में कपिल को भी बदमाशों ने दंपती के साथ ही बंधक बना दिया। तब जाकर दंपती की सांस में सांस आई।
विज्ञापन

इकलौता बेटा सुनकर छोड़ा
दंपती के चार बेटियां और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा ललित वर्मा गुरुग्राम में नौकरी करता है। बेटियों की शादी हो चुकी है। घर में दंपती व बेटा ही रहते हैं। दंपती कपिल को इकलौता बताकर जिंदगी की भीख मांगने लगा, शायद बदमाशों के दिल में थोड़ा रहम आया और उसे गोली नहीं मारी। घटना के बाद दंपती ने पुलिस को आपबीती सुनाई।
पुलिस से नहीं डरते हम...
मेरठ। बदमाशों ने पुलिस को भी खुली चुनौती दी है। पीड़ित परिवार को धमकी दी है कि हम पुलिस से नहीं डरते, पुलिस को जो भी बताओगे हमें पता चल जाएगा। उसके बाद फिर आएंगे और वारदात करेंगे। अबकी बार कोई नहीं बचेगा। इस धमकी के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। शुरुआत में तो पीड़ित परिवार कुछ भी बोलने को तैयार नहीं था, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा दिया तो दंपती ने सारी बातें बताईं।
युवा और स्थानीय थे बदमाश
पीड़ित परिवार ने बताया कि सभी बदमाश 20-25 साल के थे। बोलचाल से स्थानीय के ही लग रहे थे। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से जानकारी लेकर बदमाशों का स्केच बनाया है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस की चार टीमें गठित
फोरेंसिक एक्सपर्ट ने मौके से कई सुबूत और फिंगर प्रिंट लिए। डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई। एसपी सिटी के अनुसार पुलिस की 4 टीमें बनाई हैं। एक टीम सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख रही, दूसरी सर्विलांस के जरिए संदिग्ध फोन नंबरों की जांच कर रही है, तीसरी स्थानीय बदमाशों की कुंडली खंगाल रही है तो चौथी मुखबिर तंत्र के आधार पर बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
गाजियाबाद क्राइम ब्रांच से है... तुम्हारे घर की तलाशी लेनी है
मेरठ। बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच गाजियाबाद से बताकर तलाशी लेने की बात कही और सराफ को हथियारों के निशाने पर ले लिया। पीड़ित सराफ ने बताया कि वह दूसरी मंजिल पर कमरे में सोए हुए थे। हथियारों से लैस चार आदमी उनके कमरे में पहुंचे व उन्हें उठाया। बदमाश बोले कि हम गाजियाबाद क्राइम ब्रांच के आदमी हैं, घर की तलाशी लेनी है। वह आयकर विभाग की बात भी कर रहे थे। मैं कुछ समझता बदमाशों ने उन पर हथियार तान दिए।
सराफ के अनुसार वह शुरुआत में तो बदमाशों को क्राइम ब्रांच का सिपाही मानते रहे लेकिन जब पत्नी और बेटे पर भी बदमाशों ने हथियार तान दिए तो तो वे समझ गए कि बदमाश हैं। तिजौरी की चाबी के लिए पहले उन्हें और फिर बेटे को साथ लेकर ज्वेलरी की दुकान में भी बदमाश पहुंचे थे, एक-एक कर घर के कमरे खंगाले, लेकिन चाबी नहीं मिली।
सुनियोजित योजना, 55 मीटर का घर घेरा
मेरठ। बदमाशों ने सुनियोजित योजना बनाकर सराफ के 55 मीटर में बने घर की घेराबंदी की। इस घर में घुसना आसान नहीं था। घर के पीछे और बराबर में तीन मकान बंद पड़े हैं। पड़ोसी की छत से होकर सराफ के घर की चौथी मंजिल की छत पर बदमाश चढ़े थे। लोहे के दरवाजे की कुंडी उखाड़ी और फिर नीचे आ गए। तेजगढ़ी चौराहे से हापुड़ चुंगी रोड रात में भी खूब चलती है। एल ब्लॉक पुल के नीचे ही सराफ का घर है। इस रास्ते को ढूंढने के लिए बदमाशों ने कई दिन रेकी की, क्योंकि यह रास्ता आम आदमी को नहीं पता। बदमाशों को घर के अंदर की भी पूरी जानकारी थी। बदमाशों ने वही कुंडी तोड़ी जिसके बाद वह घर के अंदर आ सकते थे।
सीसीटीवी कैमरे में नहीं दिखे बदमाश
मेरठ। सराफ के घर के पीछे एक मकान के अलावा तेजगढ़ी से हापुड़ चुंगी रोड पर कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने कई कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन एक भी कैमरे में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई नहीं दिया।
परिवार और नौकरानी से पूछताछ
पुलिस ने सराफ के परिवार के अलावा घर की नौकरानी पुष्पा देवी से भी पूछताछ की। सराफ ने बताया कि पुष्पा काजीपुर से आती है। इसके अलावा किसी को भी घर के अंदर की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने सभी से अलग-अलग भी पूछताछ की, लेकिन कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिली।
पड़ोसी बोले, नहीं आई कोई आवाज
पुलिस में सराफ के आसपास के घरों के लोगों से भी जानकारी की। पुलिस का दावा है कि किसी ने भी किसी संदिग्ध व्यक्ति को आते-जाते नहीं देखा, न कोई आवाज सुनी।
परिजन बोले, बर्बाद हो गए
सराफ की ज्वेलरी की दुकान पहले हापुड़ रोड पर थी। लॉकडाउन के चलते दुकान का किराया नहीं देने पर सराफ ने यह दुकान अपने घर के बाहर छह-सात महीने पहले ही शिफ्ट की थी। मकान भी एक साल पहले ही बनाया था। सराफ की पत्नी ने बिलखते हुए कहा कि बड़े बेटे की शादी की तैयारी कर रहे थे। पुत्रवधू के लिए जेवरात बनाए थे, लेकिन बदमाश सारी नकदी, सोना और चांदी ले गए। बदमाशों ने हमें बर्बाद कर दिया। घटना की जानकारी पर ललित और उसकी शादीशुदा चारों बहनें शास्त्रीनगर में घर पहुंचे। पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने उनकी सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
एसपी सिटी ने बैठक ली, बदमाश डकैती डाल गए
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में बृहस्पतिवार को बैंक मैनेजर से पर्स लूट और लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताकर नौचंदी पुलिस को फटकार लगाई थी। एसएसपी ने घटनाओं को लेकर थानेदारों से स्पष्टीकरण मांगा था। जिस पर एसपी सिटी ने शुक्रवार रात ही तेजगढ़ी चौराहा पर मेडिकल और नौचंदी पुलिस की बैठक लेकर सख्त हिदायत दी थी कि कोई भी लूट की घटना नहीं होनी चाहिए, लेकिन यहां तो बेखौफ बदमाशों ने तेजगढ़ी चौराहे से 500 मीटर दूर ही सराफ के घर 40 लाख की डकैती को अंजाम दे डाला। बदमाश तेजगढ़ी से हापुड़ चुंगी की तरफ से फरार हुए, जहां पुलिस गश्त ही नहीं थी।
शास्त्रीनगर में बढ़ते अपराध से आक्रोश में व्यापारी
मेरठ। शास्त्रीनगर क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर व्यापारियों में आक्रोश पनप रहा है। इस संबंध में व्यापारी नेताओं ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर जल्द खुलाने की मांग की। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने सीओ सिविल लाइन दिनेश सिंह और इंस्पेक्टर नौचंदी से मामले का खुलासा करने की मांग की। बढ़ते अपराध पर आक्रोश जताया। शास्त्रीनगर जागृति विहार संयुक्त व्यापार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय गांधी ने बताया कि शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में इससे पहले रतीराम ज्वैलर्स के यहां डकैती हुई। इसके बाद जागृति विहार में सराफ अमन जैन की लूट के बाद हत्या कर दी गई। क्षेत्र में तीन माह में चोरी, चेन और पर्स लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में हुई डकैती की घटना का तुरंत खुलासा होना चाहिए। इस दौरान महामंत्री जितेंद्र अग्रवाल अट्टू, संरक्षक विरेंद्र शर्मा, सतीश गर्ग, कुलदीप तोमर, विपिन त्यागी, राजेश मदान, पवन अग्रवाल मौजूद रहे। सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष किशोर वाधवा और व्यापारियों ने कहा कि बदमाशों का खौफ बढ़ता जा रहा है। नई सड़क पर एक युवती के अपहरण की कोशिश की गई। नौचंदी पुलिस यदि मुस्तैद हो और समय-समय पर चेकिंग करे तो घटनाएं रोकी जा सकती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें