पुल बनने से कम हुई दूरी, बसों की भी मिली सौगात
बिजनौर। कोरोना काल में जनपद में परिवहन सेवाएं बाधित रहीं। लेकिन इस साल बिजनौर डिपो को नौ नई बसें मिलीं। बिजनौर से पानीपत के लिए दो बस शुरू हुईं। कई साल के लंबे इंतजार के बाद जलीलपुर क्षेत्र में नारनौर का पुल शुरू हुआ। इससे क्षेत्रवासियों को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली और उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर, नैनीताल आने जाने में काफी सहूलियत हुई। इस पुल के बनने से क्षेत्र की मेरठ से करीब 55 किलोमीटर दूरी घट गई।
यह पूरा साल कोरोना महामारी के कारण कुछ खास नहीं रहा, लेकिन इस बार जलीलपुर ब्लाक में नारनौर का पुल शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिली। यह पुल हस्तिनापुर को जोड़ता है। पुल के बनने से मेरठ, दिल्ली और उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर, नैनीताल आदि से सीधे जुड़ गए तो वहीं मेरठ के लिए करीब 55 किलोमीटर की दूरी घट गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि करीब 840 मीटर लंबा पुल 30 नवंबर को शुरू हो गया। वर्ष 2008 में इस पुल का निर्माण बसपा सरकार में शुरू हुआ था, लेकिन बजट के अभाव में काम बंद हो गया था। इसका थोड़ा काम सपा शासन में हुआ और अब भाजपा सरकार में इसका निर्माण पूरा हुआ। बिजनौर डिपो के बस स्टेशन प्रभारी अरविंद कुमार शर्मा के अनुसार बिजनौर डिपो के पास वर्तमान में करीब 111 बसें हैं। इनमें से 86 बस उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की और 25 बस अनुबंधित शामिल हैं। जिलेवासी पिछले कई वर्षों से पानीपत के लिए बस चलाने की मांग कर रहे थे। करीब 15 दिन पूर्व बिजनौर से पानीपत के लिए दो बस शुरू की गईं। जिले के लोगों की यह मांग पूरी हो गई। अब हरियाणा के पानीपत से यहां के लोगों का आवागमन आसान हो गया है।
दो दशक बाद भी नहीं बना फुटओवरब्रिज
नजीबाबाद रेलवे स्टेशन के पास फुटओवरब्रिज लगभग दो दशक बाद भी नहीं बन पाया। लगभग दो दशक से यह मांग चली आ रही है। यहां के लोग प्रधानमंत्री कार्यालय तक से मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मुराद पूरी नहीं हुई। नगर के मोहल्ला आदर्श नगर, हिमालयन कालोनी, सावित्री एन्क्लेव, कुसुम विहार कॉलोनी, पारस लोक कॉलोनी के लोग रेलवे क्रॉसिंग पार कर शहर की ओर आते हैं। यहां पर ट्रेनों का आवागमन लगा रहता है। कई दुर्घटनाएं भी इस क्रॉसिंग पर हो चुकी हैं।
पूरी नहीं हुई ट्रेन के स्टॉपेज की मांग
किरतपुर में गढ़वाल एक्सप्रेस के स्टॉपेज के लिए लंबे समय तक धरना दिया गया, लेकिन यह मांग पूरी नहीं हुई। नगर निवासी तलहा मकरानी एडवोकेट ने बताया कि पिछले कई साल से वे हर रविवार को किरतपुर बसी रेलवे स्टेशन पर गढ़वाल एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज के लिए धरना देते चले आ रहे हैं, लेकिन अभी तक यह मुराद पूरी नहीं हुई।