माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर असोड़ा हाउस के तत्वावधान में 10 दिवसीय श्रमण संस्कृति संस्कार शिविर का शनिवार को समापन हो गया। समारोह में शिविरार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मन मोहा। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संजय जैन परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।
विद्वान पंडित सर्वज्ञ जैन शास्त्री एवं अक्षांश जैन शास्त्री के सान्निध्य में हुए शिविर में जैन धर्म के सिद्धांतों, पूजा-विधान, स्वाध्याय, अनुशासन और आध्यात्मिक जीवन के विभिन्न पहलुओं के बारे में बताया गया।
रचित जैन ने कहा कि श्रमण संस्कृति मानव जीवन को संयम, सदाचार, अहिंसा और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाती है। साथ ही शिविर के सफल आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षकों, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संरक्षक रमेश जैन, अध्यक्ष विनोद जैन, मंत्री मनोज जैन, हेमचंद जैन, कपिल जैन, नवीन जैन, संजय जैन रहे।