संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में चल रह गट्स एंड ग्लोरी कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को सांगरे डोमिनेटर्स और असॉल्ट वॉरियर के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। सांगरे डोमिनेटर्स ने पांच विकेट से मैच जीता।
सांगरे डोमिनेटर्स की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए असॉल्ट वॉरियर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 214 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रवि डिग्गी ने 55 रन बनाए जबकि विवेक कंसल ने 46 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में दीपक और अखिल ने दो-दो विकेट लिए। 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सांगरे डोमिनेटर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 18 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम की जीत के नायक निखिल तोमर रहे। उन्होंने केवल 44 गेंद में 92 रनों की विस्फोटक पारी खेली। आदित्य ने 25 गेंद में 58 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। गेंदबाजी में सचिन ने तीन विकेट लिए। इस मौके पर गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।