संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ के किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना के क्रिकेट ग्राउंड में गट्स एंड ग्लोरी कारपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट फेडरेशन कप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सोमवार को सांगरे डॉमिनेटर्स और केजीएफ इलेवन के बीच मैच हुआ। सांगरे डॉमिनेटर्स ने मैच जीता।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केजीएफ इलेवन ने 20 ओवर में 288 रनों का विशाल स्कोर बनाया। टीम के बल्लेबाज विवेक शर्मा ने मात्र 68 गेंदों में 184 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं, वरुण प्रताप ने भी 27 गेंदों में 42 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में सांगरे डॉमिनेटर्स की ओर से गौरव कुशवाहा, अखिल तोमर, आदित्य और प्रवीण ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सांगरे डॉमिनेटर्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने 17.2 ओवरों में 292 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के मोहित पूनिया ने 51 गेंदों में 150 रनों की तूफानी पारी खेलकर जीत की नींव रखी। अंकुर माहाल ने 30 गेंदों में 59 रन जोड़कर उनका बेहतरीन साथ दिया। केजीएफ 11 की ओर से शांतनु को एकमात्र सफलता मिली। टूर्नामेंट के आयोजक और गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने विजेता टीम को बधाई दी।