सरधना। जुल्हैड़ा रोड स्थित ईंट भट्टे पर बृहस्पतिवार को देर शाम बच्चों के विवाद में मजदूरों के दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
मोहल्ला मंडी चमारान निवासी आकिब पुत्र यामीन का परिवार जुल्हैड़ा रोड स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूूरी करता है। इसी भट्टे पर इंचौली निवासी युनूस का परिवार भी मजदूरी करता हैं। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। इसे लेकर दोनो पक्षों के लोग बृहस्पतिवार शाम आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनो पक्षों में लाठी डंडे व धारदार हथियार चल गए। संघर्ष में यामीन पक्ष से आकिब पुत्र यामीन, शाकिर पुत्र यामीन, वकीला पत्नी यामीन घायल हो गई। वहीं यूनुस पक्ष से रुखसाना पत्नी तसलीम, शमीना पत्नी यूनुस व अफजाल पुत्र यूनुस घायल हो गए। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मामले की जांच कराई जा रही है।