सरधना। तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 41 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान प्राप्त शिकायतों में चकरोड पर अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश कराने, पेंशन की मांग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग और चकबंदी से संबंधित विभिन्न शिकायतें शामिल थीं। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए समयबद्ध योजना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है और अधिकारी इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य करें।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, सीओ आशुतोष कुमार, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।