मवाना। मंडलायुक्त सैलजा कुमारी जे और डीआईजी कलानिधि मैथानी ने संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसील अधिकारियों के साथ लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समय से निस्तारण करने के आदेश दिए। यहां आई 165 शिकायतों में से मौके पर ही 23 का निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में सोमेंद्र सिंह मवी ने जानमाल की सुरक्षा, महबूब अली किठौर ने सरकारी चकरोड की पैमाइश कराने, ब्रजपाल मोहल्ला तिहाई ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, रणधीर सिंह नंगली खादर ने भूमि कब्जा मुक्त कराने, ब्रजपाल सिंह पुट्ठी ने कृषि भूमि कब्जा मुक्त कराने, नौशाहरत अली मोहल्ला हीरालाल ने बिजली बिल ठीक कराने, अरुण कुमार नागौरी ने खेत की पैमाइश कराने, इंद्रजीत गडीना ने तालाब कब्जा मुक्त कराने, विपिन मवाना खुर्द ने आम रास्ते को कब्जा मुक्त कराने, अमिता अमरसिंहपुर ने नाली अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
किसान मजदूर उत्थान मोर्चा ने गन्ना मूल्य बढ़ाने, देरी से भुगतान पर ब्याज दिलाने, आवारा पशुओं को पकड़वाने सहित अन्य समस्याएं रखी। रणजीत सिंह नंगली ईसा ने बंदरों व कुत्तों से निजात दिलाने, नगर पंचायत चेयरमैन सचिन कुमार ने पंचायत की संपत्ति कब्जा मुक्त कराने आदि सहित 165 शिकायतें आई। इनमें राजस्व की 87, पुलिस की 23, विकास की 13, स्वास्थ्य विभाग की एक और अन्य विभागों की 41 शिकायतें प्राप्त हुई। एडीएम प्रशासन बलराम सिंह ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंडिंग और वर्तमान में आई समस्याओं का शीघ्र समाधान करें।