माछरा। ब्लॉक माछरा एवं किठौर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर नारायण निवासी शहीद राजेंद्र त्यागी की स्मृति में जनपद पीलीभीत की पुलिस लाइन में गेट का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उनकी पत्नी को सम्मानित किया गया।
गांव फतेहपुर नारायण निवासी गौरव त्यागी एवं किसान सेवा सहकारी समिति फतेहपुर नारायण के चेयरमैन संदीप बलराज त्यागी ने बताया कि गांव फतेहपुर नारायण निवासी राजेंद्र त्यागी पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर 1991 में पीलीभीत जनपद के थाना हजारा में 1991 में तैनात थे। पुलिस और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में वह शहीद हो गए थे। पीलीभीत के एसपी अविनाश पांडेय ने उनकी स्मृति में पुलिस लाइन में गेट का भव्य निर्माण करवाया। बृहस्पतिवार 19 दिसंबर को बरेली रेंज के आईजी डाॅ. राकेश सिंह एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक बद्रीप्रसाद ने गेट का शुभारंभ किया तथा शहीद की पत्नी शिमला त्यागी को पुरस्कृत किया। शहीद राजेंद्र त्यागी के नाम से गेट बनने पर परिजनों व ग्रामीणों में खुशी है। गौरव त्यागी ने बताया कि उनके ताऊ राजेंद्र त्यागी का एक पुत्र विकास त्यागी प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है, जो कि खुर्जा में अपनी माता शिमला त्यागी एवं पत्नी सहित रहता है। चेयरमैन संदीप बलराज त्यागी ने बताया कि वह प्रयास करेंगे कि गांव में शहीद राजेंद्र त्यागी के नाम से उनकी स्मृति में एक गेट का निर्माण कराया जाए।