संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका सरधना की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में आयोजित संभव दिवस के दौरान जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से पहुंचे लोगों ने सफाई व्यवस्था, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, जल निकासी और विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं अधिशासी अधिकारी के समक्ष रखीं। अधिशासी अधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संभव दिवस के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर प्राप्त एक शिकायत पर अधिशासी अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया।
उन्होंने सफाई टीम को मौके पर भेजकर संबंधित क्षेत्र में सफाई कार्य कराते हुए व्यवस्था को दुरुस्त कराया। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी होने में हो रही देरी की शिकायत मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब किया और लंबित प्रमाणपत्रों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। दीपिका शुक्ला ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।