मेरठ..कंवलजीत..सर्किट हाउस में आये उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर का स्वागत करते
समाजवादी पार्टी ने खुद अपना नुकसान कर लिया। बीस प्रतिशत आबादी वाले मुस्लिम 95 प्रतिशत उन्हें वोट देता है। ऐसे ही सात प्रतिशत आबादी वाले यादव वोट देते हैं। चार बार मुख्यमंत्री रहते हुए बीस प्रतिशत वालों को नहीं पूछा गया। समाजवादी पार्टी मुसलमान ही नहीं अतिपिछड़ों के हक को भी लूटा है। अब ये दोनों जाग गए हैं। बृहस्पतिवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने ये बातें सर्किट हाउस में पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के प्रकरण पर कहा कि शंकराचार्य का काम अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करना और लोगों को सद्भाव भाईचारे के साथ लेकर चलना है न कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी करना। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य को अनुमति लेकर जाना चाहिए था। वहां करोड़ों लोग थे, गलत दिशा से आ रहे थे ऐसे में कोई जान माल का नुकसान हो सकता था। पुलिस ने उन्हें रोका वह अपना काम कर रही है।
राहुल गांधी के आरोपों पर बोले कि राहुल गांधी झूठ बोलते हैं। वह बाहर जाते हैं तो भारत को दुनिया के सामने कठघरे में खड़ा करते हैं। चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हैं, जबकि खुद भी आयोग के जरिए ही सांसद बने हैं। अगर आयोग गलत कर रहा है तो पहले इस्तीफा दें और जहां उनकी सरकार है वहां अपनी सरकार को हटा लें। अखिलेश यादव पर बिरादरीवादी की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के कार्यकाल में बीडीओ, एसडीएम, लेखपाल आदि की भर्ती होती थी अपनी बिरादरी के लोग ही उसमें शामिल किए जाते थे।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में 51 मुस्लिम बच्चे आईएएस बने हैं। विजन 2047 के तहत विकसित भारत के तहत नमो भारत और मेट्रो की सौगात मेरठ को मिली। पूरे देश और प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने ओवैसी के उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने पर कहा कि ओवैसी अपना काम कर रहे हैं, जिससे भाजपा को नहीं सपा को ही नुकसान होगा। स्पष्ट कहा कि हम एनडीए में हैं और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। इससे पहले उन्होंने पंचायती राज और अल्पसंख्यक कल्याण के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने वाला है ऐसे में काम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।