सरधना। कस्बे के मेरठ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार रात पेट्रोल लेने के विवाद में बाइक सवार दो युवकों ने पंप कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए। पीड़ित ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव अटेरना निवासी विशु पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। पीड़ित ने बताया कि वह नियमित रूप से ग्राहकों को पेट्रोल दे रहा था। बाइक सवार दो युवक पंप पर पहुंचे और बाइक में पेट्रोल डालने के लिए कहा। विशु ने उन्हें बताया कि जिस मशीन से वह पेट्रोल लेना चाह रहे हैं, उसमें तकनीकी खराबी है, इसलिए उन्हें पास की दूसरी मशीन से तेल दिया जाएगा। इस पर दोनों युवक भड़क उठे और उसी मशीन से तेल डलवाने की जिद करने लगे। बहस के दौरान युवकों ने विशु से गाली-गलौज और मारपीट कर दी।
पीड़ित ने घटना की जानकारी पेट्रोल पंप मालिक को दी। घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। विशु ने थाना सरधना में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।