फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुद्दतों बाद सोतीगंज में वाणिज्य कर का छापा, कबाड़ी सरेंडर  

Fri, 14 Apr 2017 10:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी से बात करते कबाड़ी
विज्ञापन
चोरी और लूट के वाहन काटने में बदनाम सोतीगंज में मुद्दतों बाद वाणिज्य कर विभाग का छापा पड़ा है। जिन कबाड़ियों को पुलिस को पैसे देकर वाहन काटने और पुलिस के दिखावे के छापों की आदत पड़ चुकी, उन्होंने योगी सरकार में वाणिज्य कर विभाग की रेड पर सरेंडर कर दिया। अफसरों ने कहा कि अब टैक्स चोरी नहीं चलेगी। जल्द ही जीएसटी लागू होना है इसलिए सभी अपनी फर्म रजिस्टर्ड कराओ। जिस पर कबाड़ी बोले कि हम तो अनपढ़ हैं, हमें काम करना सिखा दो।
विज्ञापन


दरअसल मेरठ ही नहीं बल्कि वेस्ट यूपी, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान पुलिस सोतीगंज में अक्सर छापा मारकर लूट और चोरी के वाहन बरामद करती है। लेकिन स्थानीय स्तर पर साठगांठ होने के चलते कबाड़ी हमेशा पुलिस पर भारी रहकर धंधा चला लेते हैं। कबाड़ियों को भी आदत हो गई कि पुलिस को पैसा दो और चोरी के वाहन काटो। लेकिन निजाम बदलते ही सरकार के दूसरे विभागों ने भी अब सोतीगंज पर नजरें टेढ़ी कर दी हैं।

बृहस्पतिवार को जब सोतीगंज में वाणिज्य कर विभाग और पुलिस-प्रशासन का संयुक्त छापा पड़ा तो पहले यही समझा गया कि लूट या चोरी के वाहनों को काटने वाले कबाड़ियों के यहां बाहर से टीमें आईं होंगी। हमेशा की तरह कई कबाड़ी अपनी दुकान और गोदाम के शटर गिराकर भाग निकले। लेकिन जब असलियत पता चली तो सभी हैरान रह गए। खुद कबाड़ी ही आपस में चर्चा करते मिले कि बाजार में सेल्स टैक्स का छापा तो पहली बार पड़ा है। अब तो टैक्स भरना पड़ेगा।
विज्ञापन


पुलिस बोली, टेंशन मत लो 
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने जब सोतीगंज में भारी पुलिस फोर्स के साथ घेराबंदी की तो हर बार की तरह बाजार बंद होने में देर नहीं लगी। दुकानों के बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। बोलेरो और मैक्स गाड़ियों से जब अफसर उतरे तो खलबली मच गई। जिस पर पुलिस बोली कि टेंशन मत लो, इस बार वाणिज्य कर विभाग की टीम आपसे जानकारी लेगी। 

पुलिस की मेहरबानी अब नहीं चलेगी
वाणिज्य कर विभाग के अफसर इस दौरान बोले कि एक मई से जीएसटी लागू करने की तैयारी है। कबाड़ी बोले कि साहब! हम तो अनपढ़ लोग हैं। पुलिस को पैसा देकर अपना धंधा चलाते आए हैं। टैक्स के बारे में हमें कुछ पता नहीं। अफसरों ने कहा कि 20 अप्रैल या उसके बाद सोतीगंज में कैंप लगाकर जानकारी देंगे। जिस पर कबाड़ियों ने सहमति जताई। ज्वाइंट कमिश्नर धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सोतीगंज के सभी कबाड़ियों को जीएसटी से जोड़ा जाएगा। कोई कबाड़ी गलत तरीके से काम नहीं करेगा। 

गल्ला समेत 18 कबाड़ियों की सूची सौंपी 
इस दौरान वाहन माफिया हाजी गल्ला समेत 18 कबाड़ियों की सूची सदर पुलिस ने वाणिज्य कर विभाग के अफसरों को सौंपी। पुलिस ने बताया कि इन कबाड़ियों के खिलाफ दर्जनों मुकदमे हैं। इनके वेस्ट एंड रोड, भूसा मंडी समेत कई जगहों पर गोदाम है, जहां अक्सर वाहन काटे जाते हैं।

उच्च निर्देशों पर कार्रवाई
एएसपी कैंट सिद्धार्थ मीणा और इंस्पेक्टर सदर पंकज पंत ने बताया कि सोतीगंज में चोरी और लूट के वाहनों का कटान बंद कराने की पूरी तैयारी है। वाहन कटने बंद होंगे तो शहर में चोरी और लूट की वारदात भी कम होंगी। योगी सरकार बनने के बाद इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने पर सोतीगंज में वाणिज्य कर विभाग द्वारा कार्रवाई कराने की सहमति बनी।

तो करोड़ों का टैक्स देगा सोतीगंज
अब पुलिस अफसर कह रहे हैं कि सोतीगंज में वाणिज्य कर विभाग अपनी जिम्मेदारी ठीक तरह से निभाए तो वहां से करोड़ों रुपये टैक्स मिल सकता है। यहां कबाड़ियों की करीब 300 दुकानें हैं। गिने-चुने कबाड़ी ही टैक्स देते है। पुलिस को हर माह पैसा देने वाले कबाड़ी टैक्स देंगे तो उनको भी किसी से डरने की जरूरत नहीं है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें