दौराला-दौराला ब्लॉक में तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन पर किशोरियों को वितरित किए गए पौधे।
- फोटो : LAWARD
दौराला। ब्लॉक में सखी सहेली के तीन दिवसीय कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। इसमें स्कूल नहीं जाने वाली किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सचिन अहलावत रहे। प्रशिक्षण में पावली खास, महलका, मीठेपुर, सिवाया, पबरसा, मैथना आदि गांवों से 11 से 14 वर्ष की स्कूल नहीं जाने वाली 15 किशोरियों ने भाग लिया। ब्लॉक प्रमुख ने इन किशोरियों को नियत मानदेय 150 रुपए की धनराशि का वितरण किया। उन्होंने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मुखिया बनाया गया है, लेकिन पहले उन्हें मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनना होगा। इसके बाद अपने आसपास रहने वाली किशोरियों को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्कूल जाने के लिए प्रेरित करना होगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशील कुमार ने प्रशिक्षण के बारे में बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी किशोरी का वजन एवं हीमोग्लोबिन की जांच कराई गई। आयरन की गोली एवं सेनेट्री पैड का वितरण कराया गया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने पंचायत राज, पेयजल, स्वच्छता व आसपास सफाई आदि पर चर्चा की। खंड शिक्षा अधिकारी उदित चौधरी ने किशोरियों को स्कूल आने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वस्थ रहने के लिए विभिन्न व्यायाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समापन के दौरान किशोरियों को फल देने वाले पौधे, एक मीटर कपड़ा एवं लौकी के बीज का पैकेट वितरित किया गया ।