एंटी रैबीज इंजेक्शन ब्लैक करने का आरोप लगा युवकों ने काटा हंगामा
रोहटा। सीएचसी पर शनिवार को पहुंचे दो युवकों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन ब्लैक करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। सीएचसी प्रभारी के विरोध करने पर दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सीएचसी प्रभारी ने धमकी देने वाले मीरपुर गांव के एक झोलाछाप चिकित्सक व दूसरे अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
शनिवार सुबह रोहटा सीएचसी पर दो युवकों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन की एवज में चिकित्सकों पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। युवकों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन ब्लैक में बेचने का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों से वसूली करने की कोशिश की। इसी दौरान मौके पर सीएचसी प्रभारी के पहुंचने पर दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर मौके से भाग गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुधीर कुमार ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि इनमें से एक युवक मीरपुर गांव में झोलाछाप चिकित्सक है और उसकी आए दिन शिकायतें मिलती रहती हैं। दूसरा युवक अज्ञात है। दोनों के खिलाफ सीएचसी प्रभारी ने धमकी देने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है।