मेरठ के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में भतीजे की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने हत्यारोपी चाचा को मुठभेड़ में दबोच लिया। वहीं उसके दो साथी फरार होने में कामयाब हो गए। बताया गया कि मुठभेड़ के दौरान हत्यारोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस व एक बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। अब तक पुलिस ने इस मामले में एक ही आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि महिला सहित आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच साजिद के शव को सोमवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई थी कि उन्हें इंसाफ दिलवाया जाए।
जानकारी के अनुसार सरेराह भतीजे की हत्या करने वाले शहजाद पुत्र अलीमुद्दीन की तलाश में पुलिस टीमें लगी थीं। वहीं बुधवार को उसके मेरठ के फलावदा थानाक्षेत्र में लोकेशन होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ली।