पुलिस की गिरफ्त में अवैध हथियार तस्कर साजिद
मेरठ। स्वाॅट टीम और लिसाडी गेट थाना पुलिस ने अवैध हथियार के अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के सदस्य साजिद उर्फ पिस्टल को छह अवैध पिस्टल व 12 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। वह मध्य प्रदेश से पिस्टल लाकर यहां बेचता था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगी है। साजिद ने गोवा, हरिद्वार और देहरादून में लूट भी की है। उस पर मेरठ की शहर कोतवाली, लालकुर्ती, लिसाडीगेट, ब्रहमपुरी, मेडिकल, परतापुर के अलावा देहरादून, हरिद्वार, गोवा सहित अन्य थानों में लूट, डकैती, हथियार तस्करी के 25 मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि साजिद उर्फ पिस्टल निवासी मिनार मस्जिद समर गार्डन थाना लिसाडी गेट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को इस गिरोह की काफी समय से तलाश थी। वर्तमान में साजिद लोहियाननगर की कांशीराम काॅलोनी में रह रहा था। साजिद ने बताया कि वह मोटा मुनाफा कमाने के लिए पिस्टल सप्लाई करता है। यह पिस्टल मध्य प्रदेश के रहने वाले एक व्यक्ति से खरीद कर लाता था। इसका नाम उसे नहीं पता है। उससे एक पिस्टल 20 से 22 हजार रुपये में खरीदकर लाता था। यह पिस्टल मेरठ के रहने वाले मुनीर निवासी 60 फूटा रोड लिसाडी गेट व हाजी जुल्फेकार और हाजी जुल्फेकार के बेटे शादाब निवासी खुशहालनगर को 30 से 40 हजार रुपये में बेचता था।
सोमवार को वह मध्य प्रदेश से छह पिस्टल और 12 मैगजीन लाया और पिस्टल बैग में रखकर मुनीर, हाजी जुल्फेकार और शादाब को देने के लिए जा रहा था, रास्ते में पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उससे एक बाइक भी बरामद की है।
पुलिस की गिरफ्त में अवैध हथियार तस्कर साजिद